Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

‘अंतरा’ बनी आधी आबादी की पहली पसंद


बलिया। जनपद में संचालित जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के दौरान अब तक 47 महिलाओं ने नसबंदी कराकर स्थाई गर्भ निरोधक साधन को अपनाया है। जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के दौरान 11 से 31 जुलाई तक परिवार नियोजन के साधन उपलब्ध कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले आशा कार्यकर्ताओं ने दंपति संपर्क अभियान के दौरान परिवार नियोजन के फायदे बताएं और दंपतियों को परिवार नियोजन के अस्थाई और स्थाई साधन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि अभियान के 13 दिन बीत जाने के बाद 47 महिलाओं ने नसबंदी कराकर परिवार नियोजन के स्थाई साधन अपनाए हैं। लेकिन पखवाड़े में अभी तक एक भी पुरुष नसबंदी हुईं हैं। इसके अलावा दो बच्चों के बीच में सुरक्षित 3 साल का अंतर रखने के लिए महिलाएं अस्थाई साधन अपना रही हैं। पखवाड़े के दौरान अब तक जनपद में कुल 36 महिलाएं प्रसव पश्चात (पीपीआईयूसीडी) और 64 महिलाए इंटरवल आईयूसीडी अपना चुकी हैं। इसके अलावा 11 से 23 जुलाई अब तक जनपद में कुल 235 महिलाएं अंतरा तिमाही गर्भ निरोधक इंजेक्शन लगवा चुकी हैं।
जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ ने बताया कि अंतरा इंजेक्शन परिवार नियोजन का विकल्प बनकर उभरा है। अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन हर तीन माह में लगता है। अंतरा को लेकर यदि किसी महिला के मन में कोई आशंका है तो उसका निवारण करने के लिए स्वास्थ्य विभाग का टोल फ्री नंबर है। 1800-103-3044 नंबर पर कॉल करके महिलाएं अपनी जिज्ञासा शेयर कर सकती हैं और उसका समाधान भी प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस नंबर पर सप्ताहिक गर्भनिरोधक गोली छाया के बारे में भी जानकारी हासिल की जा सकती है। इतना ही नहीं पहला इंजेक्शन लगवाने के साथ महिलाएं इस नंबर पर डायल कर अपना नाम रजिस्टर कराएं ताकि उन्हें समय से इंजेक्शन संबंधी जानकारी मिलती रहे। अगली बार इंजेक्शन लगवाने की तारीख की जानकारी भी इस नंबर से समय रहते दी जाएगी और इस नंबर पर दी गई सभी सूचनाएं गोपनीय रखी जाती हैं। महिलाएं सुबह 8.00 बजे से रात 9.00 बजे तक निःशुल्क काल कर सकती हैं। कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. केडी प्रसाद ने बताया कि पखवाड़े के दौरान 25 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर एवं 30 जुलाई को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंदह और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पर नसबंदी नियत सेवा दिवस लगाकर परिवार नियोजन के स्थाई और अस्थाई साधन निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

By-Ajit Ojha

No comments