Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

चार दिवसीय साइकिल यात्रा का हुआ समापन




बलिया : जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय की कुलाधिपति और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के निर्देशानुसार आयोजित चार दिवसीय यात्रा का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यात्रा के प्रथम दिन विद्यार्थियों ने  ब्रह्माणी मन्दिर में दर्शन- पूजन किया और ब्रह्माइन गाँव के लोगों से संवाद किया। वीर कुँवर सिंह, रामदहिन ओझा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने के बाद विद्यार्थी शेर-ए-बलिया चित्तू पाण्डेय के गाँव रट्टूचक गये और उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिजनों, पुरजनों से संवाद किया। दूसरे दिन दल ने बक्सर युद्धस्थल, विश्वामित्र आश्रम, रामरेखा घाट, रामेश्वर नाथ, ताड़का वधस्थल एवं चौसा युद्धस्थल का भ्रमण किया। तीसरे दिन विद्यार्थी मंगला भवानी मन्दिर, मुक्तिनाथ मन्दिर दर्शन के बाद कनुआन, गाजीपुर के प्रगतिशील किसान विजय आनंद राय के कृषि फार्म गये और व्यावसायिक कृषि की बारीकियों को सीखा। करीमुद्दीनपुर की कष्टहरणी माता का दर्शन-पूजन किया। यात्रा के अंतिम दिन विद्यार्थी कामेश्वरनाथ धाम, कारों, चितबड़ागाँव के बरइयां पोखर, बावरी पंथ के मठ का भ्रमण किया और ग्रामीणों से संवाद किया। दल आगे गड़वार पहुँचा और जंगली बाबा का दर्शन करने के बाद अपायल और बसंतपुर गाँव पहुँचा जहाँ विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से संवाद किया। 200 किमी की इस यात्रा को समाप्त कर 25 विद्यार्थियों का दल विवि पहुँचा। साइकिल यात्रा के विद्यार्थियों और उनके साथ गए प्राध्यापकों डाॅ. विवेक कुमार यादव, डाॅ. प्रवीण नाथ यादव तथा डाॅ. रामसरन यादव का विवि के वित्त अधिकारी आनंद दूबे, शैक्षणिक निदेशक डाॅ. पुष्पा मिश्रा, कुलानुशासक डाॅ. प्रियंका सिंह तथा अन्य प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मान किया। 

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जनजागरूकता था। विद्यार्थियों ने नशामुक्ति, कन्या भ्रूणहत्या का समापन, दहेज प्रथा उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जनसामान्य तक पहुँचाया।  



By- Dhiraj Singh

No comments